मैनपुरी। हाईस्कूल में फेल होने के बाद अवसाद में आई छात्रा ने गुरुवार दोपहर घर के बरामदे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के समय मजदूर माता-पिता काम पर गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी घटना की जांच की। कोतवाली क्षेत्र के चांदेश्वर मार्ग स्थित मोहन नगर निवासी जागन लाल बाथम और उसकी पत्नी सुनीता मजदूरी करते हैं। पुत्र दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है।
वहीं, इस वर्ष 16 वर्षीय पुत्री अंजली उर्फ मोनू हाईस्कूल की परीक्षा में फेल हो गई थी। इसके बाद उसने परिजनों से बातचीत करना कम कर दिया। परिजनों के अनुसार अंजली अक्सर गुमसुम रहती थी और किसी से ज्यादा बात भी नहीं करती थी। कई बार परिजनों ने उसे समझाने के प्रयास किए, लेकिन वह अवसादग्रस्त हो गई थी। गुरुवार को जब माता-पिता मजदूरी के लिए घर से बाहर गए हुए थे। तब दोपहर को अंजली ने बरामदे में छज्जे में लगे कुंडे में दुपट्टा का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। करीब साढ़े 12 बजे जब आस पड़ोसियों को जानकारी हुई तो उन्होंने जागन लाल को सूचना दी। उधर सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस भी पहुंच गई। शव को उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।