भोगांव (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला के पति ने अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए। दहेज में पांच लाख व कार की मांग पूरी न करने पर फोटो व वीडियो को सोशल साइड पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। महिला को भी मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
एक मोहल्ला निवासी युवती की शादी वर्ष 2013 में लखनऊ के वृंदावन कालोनी निवासी अरुण के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुरालीजन दहेज में चार पहिया वाहन व पांच लाख की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होता देख पति ने धोखे से पत्नी के आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिए। उक्त फोटो व वीडियो पत्नी को दिखाकर गैर मर्दों के साथ संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। मना करने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया।
महिला का आरोप है कि पति ने फेसबुक व व्हाट्सअप पर उसके नाम की फर्जी आईडी बनाकर फोटो और वीडियो पोस्ट करना शुरू कर दिया है। परिवारीजनों को धमकी दी है कि अगर मांग पूरी नहीं की तो वीडियो और फोटो को सोशल साइट पर वायरल कर देगा। थानाध्यक्ष का कहना है कि आरोप गंभीर हैं। मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।