टाऊनशिप (मथुरा)। थाना हाईवे क्षेत्र की आनंदवन कालोनी फेज-दो में बुधवार को धर्म परिवर्तन को लेकर हंगामा हो गया। कालोनी के लोगों ने पड़ोस में ही रहने वाले एक ईसाई युवक पर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है। पुलिस इस मामले में युवक समेत तीन लोगों को पूछताछ कर रही है।
आनंदवन कालोनी के फेज-दो में कंदब बिहार निवासी योगेश शर्मा का मकान है। इस मकान पर ताला लटका हुआ है। तीन दिन पहले कालोनी में ही रहने वाले जेम्स मैसी ने योगेश से मकान की चाबी ले ली थी।
बुधवार को योेगेश के मकान में लोगों को आना जाना देख पड़ोसी वहां पहुंच गए। मकान के अंदर ईसाई धर्म से जुड़ा साहित्य था। दीवारों पर धर्म विशेष से जुड़े पोस्टर भी चस्पा थे। कालोनी के लोगों ने जेम्स मैसी को धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए घेर लिया। लोगों का कहना था कि जेम्स युवक युवतियों का धर्म परिवर्तन करा रहे हैं।
तीन दिन से युवाओं का आना जाना लगा हुआ था। मौके पर पहुंची थाना हाईवे पुलिस जेम्स, योगेश एवं शिकायतकर्ता बच्चनबाबू भारद्वाज को थाने ले आई। प्रभारी निरीक्षक गिरीश चंद तिवारी का कहना है कि खाली पड़े योगेश के मकान में ईसाई धर्म से जुड़ा साहित्य मिला है। पूछताछ में जेम्स ने बताया है कि उसने अपने बच्चे जन्मदिन मनाया था, पोस्टर आदि छुटाना भूल गया था।