टूंडला के रेलवे रेस्टकैंप कॉलोनी में हुई चोरी के बाद कमरे में बिखरा सामान
- फोटो : TUNDLA
टूंडला(फिरोजाबाद)। इलाज कराने गए एलआईसी (भारतीय जीवन बीमा निगम) एजेंट के सूने घर का दरवाजा तोड़कर चोर नकदी, आभूषण और घरेलू सामान चोरी कर ले गए। पड़ोसी की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस में तहरीर दी है। रेलवे की रैस्टकैंप कॉलोनी निवासी नरेंद्र कुमार पुत्र नाहर सिंह एलआईसी का एजेंट है। दो माह पूर्व उसे दिल का दौरा पड़ा था। तब से उसका इलाज इटावा के जसवंत नगर में इलाज चल रहा है। वह विगत एक माह पूर्व वह पत्नी और तीन बच्चों सहित अपने गांव बटेश्वर चला गया था। शुक्रवार सुबह उसके पड़ोस ने नरेंद्र के घर का दरवाजा टूटा देखा तो उसे जानकारी दी।
वह जब घर पहुंचा तो घर में सामान बिखरा देखकर हैरान रह गया। घर में अलमारी का ताला टूटा पड़ा था। पुलिस को नरेंद्र ने बताया कि उसने लाइनपार स्थित अपना प्लाट बेच दिया था। करीब डेढ़ लाख रुपये घर पर रखे थे। चोर नकदी के अलावा सोने की जंजीर, पैंडल और अन्य आभूषण ले गए हैं। चोरों ने रसोई में रखा आटा, दाल, चीनी और मसाले भी नहीं छोड़े हैं। पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस चोरी की जांच कर रही है।