टूंडला के टूंडली में घटना की जांच करती पुलिस
- फोटो : TUNDLA
टूंडला(फिरोजाबाद)। घर के बाहर खड़े एक ऑटो में बैठा दिव्यांग सब्जी विक्रेता को उसके पड़ोसी ने अपने साथियों के संग मिलकर गोली मार दी। गोली लगने से घायल दिव्यांग को आगरा रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। मोहल्ला टूंडली निवासी इमरान उर्फ राहुल (20) पुत्र अमरुद्दीन दिव्यांग है और मंडी में सब्जी बेचता है। परिजनों ने बताया कि रविवार दोपहर बाद साप्ताहिक लॉकडाउन के चलते वह घर के बाहर खड़े ऑटो में जाकर बैठ गया था। तभी उसका पड़ोसी युवक और तीन बाइकों पर सवार होकर आए उसके साथियों ने इमरान को गोली मार दी। गोली इमरान के पेट में लगी। आवाज सुन इमरान के परिजन व पड़ोसी वहां पहुंच गए। तभी बाइक सवार सभी युवक भाग गए। घायल इमरान को परिजन एफएच मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां से उसे आगरा एनएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इमरान की हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों को आरोप है कि इमरान और पड़ोसी युवक सब्जीमंडी में सब्जी बेचते हैं। शनिवार को इमरान का पड़ोसी सब्जी विक्रेता से विवाद हो गया था। तब मामला वहीं रफा-दफा हो गया था। आज उसने साथियों के साथ इस घटना को अंजाम दे दिया। इधर, आरोपी युवक के परिजनों का कहना है कि इमरान व उसके दोस्त तमंचा दिखाते हुए हंसी मजाक कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई। मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जांच कर रही है।