टूंडला (फिरोजाबाद)। मध्यप्रदेश के भिंड से अगवा की गई पांच साल की बच्ची शुक्रवार को रेलयात्रियों की सतर्कता से बच गई। ट्रेन के शौचालय में मुंह व हाथ-पैर बांधकर ले जा रहे अपहरणकर्ता को यात्रियों ने दबोच लिया और जीआरपी को सौंप दिया। भिंड पुलिस आरोपी व बच्ची को साथ ले गई।
लखनऊ से चलकर आगरा फोर्ट जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस शुक्रवार को फिरोजाबाद स्टेशन से चली तभी ट्रेन के जनरल कोच के शौचालय से सिसकने की आवाज पर यात्री सतर्क हुए। एक यात्री ने शौचालय खोलने का प्रयास किया तो बाहर खड़ा व्यक्ति बच्ची के शौच करने की बात कहते हुए उसे रोक दिया। यात्रियों को शक हुआ और जबरन शौचालय का दरवाजा खोला तो उसमें करीब पांच वर्षीय बच्ची बैठी थी। उसके मुंह में कपड़ा था और हाथ-पैर बंधे हुए थे।
इससे गुस्साए यात्रियों ने उस व्यक्त को दबोच लिया और बच्ची के हाथ-पैर खोले। टूंडला स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही यात्रियों ने जीआरपी को सूचना दी। पुलिस बच्ची और आरोपी को थाने ले आई। पुलिस की सूचना पर रात में ही भिंड पुलिस व बच्ची के परिजन टूंडला पहुंच गए। टूंडला पुलिस ने आरोपी ब्रजेश कुमार निवासी रूरा, कानपुर देहात को भिंड पुलिस के हवाले किया है। बच्ची के मामा व नानी को बच्ची भी सौंप दी। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह भिंड के पार्क में बच्ची खेल रही थी, तभी आरोपी ब्रजेश उसे नानी बुला रही हैं कहते हुए अगवा कर लाया था। बच्ची की मां नहीं है, पिता कहीं दूर नौकरी करता है। इसलिए वह नानी के पास ही रहती है।