कासगंज के गंजडुंडवारा स्वास्थ्य केंद्र में सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ चोरी करता युवक
- फोटो : KASGANJ
कासगंज/गंजडुंडवारा। जिले में चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों के अंजाम दिया। दो घरों से लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। स्वास्थ्य केंद्र से सीसीटीवी कैमेरे भी साफ कर दिए। शराब की दुकान को भी निशाना बनाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
चोरों ने सहावर सुजानपुर में दो स्थानों पर चोरी की। गजराज सिंह पुत्र हरीश चंद्र निवासी सुजानपुर के घर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। घरवाले गांव के बाहर बने नए मकान में सो रहे थे। घर में रखे दो लाख रुपये कीमत के आभूषण और 39 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। अन्य सामान भी ले गए। प्रदीप कुमार के घर में ताले तोड़कर भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। घर में रखे छह हजार रुपये नकद, 20 हजार रुपये मूल्य के आभूषण, एक मोबाइल सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
गंजडुुंडवारा में सामुदायिक चिकित्सा केंद्र में लगे सात सीसीटीवी कैमरे चोरी कर लिए गए। चोर ने ओपीडी में रखी बीपी मशीन, पल्स ऑक्सी मीटर आदि चिकित्सीय उपकरण को क्षतिग्रस्त कर दिया। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने कस्बे के ही प्रदीप कुमार को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी। पटियाली के दरियावगंज में चोरों ने शराब के ठेके का ताला तोड़कर चोरी कर ली। दुकान में से लगभग 20440 रुपये मूल्य की शराब चोरी कर ले गए।