एटा। थाना रिजोर क्षेत्र के गांव नगला कन्होली में मानसिक रूप से अस्वस्थ पति ने मारपीट के बाद धारदार हथियार से पत्नी के चेहरे, हाथ और गले पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या कर भाग रहे आरोपी पति को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मायके पक्ष के लोगों को सूचना दी। मामले में मृतका ने भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
थाना रिजोर क्षेत्र के गांव नगला कन्होली निवासी उमेश की शादी करीब दस वर्ष पहले ऊषा देवी (32) के साथ हुई थी। शुक्रवार दोपहर किसी बात को लेकर उमेश की ऊषा देवी के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद उमेश ने ऊषा देवी के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद भी उमेश नहीं रुका और उसने धारदार हथियार से पत्नी पर ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। महिला के चेहरे, गर्दन, हाथ और सीने सहित कई जगह प्रहार किए गए थे। चीखपुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों को देखकर आरोपी उमेश भागने की कोशिश करने लगा। इस पर ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पेड़ से बांध दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उमेश को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर ऊषा देवी के परिजन भी पहुंच गए। मामले में ऊषा के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मानसिक रोग से ग्रसित है उमेश
ऊषा देवी का हत्यारा पति उमेश पिछले आठ माह से मानसिक रोग से ग्रसित है। उसका इलाज चल रहा है। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे उमेश की बहनों ने भी इस बात की पुष्टि की कि उमेश मानसिक रोग से अस्वस्थ है। इसके चलते वह आए दिन लोगों के साथ मारपीट करता था। वह गांव में कई लोगों के साथ झगड़ा कर चुका था।
बच्चे को भी मारने जा रहा था
उमेश पत्नी ऊषा की हत्या के बाद चीखता हुआ बाहर निकला। वह स्कूल गए अपने बच्चे को भी मारने जा रहा है। वह गांव के स्कूल की ओर बढ़ रहा था लेकिन इससे पहले ही ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। लोगों की मानें पकड़े जाने के दौरान वह बेहद गुस्से में था और यदि उसे नहीं पकड़ा जाता तो वह बच्चे को भी मार डालता।
एक ही घर में ब्याहीं है तीनों बहनें
ऊषा अपनी बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी दोनों बहन गुड्डी और ममता का विवाह भी उमेश के बड़े भाइयों के साथ हुआ है। गुड्डी उमेश के सबसे बड़े भाई इंद्रवीर और ममता की शादी मझले भाई जोधन के साथ हुई थी। एक ही घर में तीनों बहनों के होने के चलते किसी को ऐसी अनहोनी की आशंका नहीं थी। बहनों सहित अन्य परिजनों का भी रो रोकर बुरा हाल है।
लोगों में कई तरह की चर्चा आईं सामने
उमेश की गिरफ्तारी के बाद कई तरह की बातें सामने आ रहीं हैं। आरोपी पत्नी के अवैध संबंध बता रहा है तो मृतका के परिजन पति के दूसरी जगह संबंध होने की बात कह रहे हैं। पुलिस भी हत्या के पीछे अवैध संबंध होने की बात से इंकार नहीं कर रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच में आने वाले तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई होगी।
मृतका के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हत्यारोपी पति को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मानसिक रोगी है। हत्या के पीछे क्या कारण रहे इसके बारे में पूछताछ की जा रही है।
- आर के गुप्ता, थाना प्रभारी निरीक्षक, रिजोर