घिरोर (मैनपुरी)। कल्होर पछां में सोमवार को चेकिंग करने गई टीम के साथ अभद्रता की गई। जेई पर ईंट से हमला किया गया। वहीं संविदाकर्मी को पीटकर घायल कर दिया। मामले में जेई की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विद्युत उपकेंद्र घिरोर पर तैनात जेई शुभम मद्धेशिया सोमवार की दोपहर राजस्व वसूली और चेकिंग के लिए गांव कल्होर पछां गए थे। उनके साथ संविदाकर्मी श्यामवीर, लाइनमैन अजय कुमार, कौशलेंद्र, आशीष कुमार, चिंतामणि, सुरजीत भी थे। जब चेकिंग टीम गांव निवासी वीरवती के घर पर पहुंची तो उनके पुत्र आकाश व पुष्पेंद्र ने टीम के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज करना शुरू कर दिया।
विरोध करने पर आरोपियों ने संविदाकर्मी श्यामवीर को पीटना शुरू कर दिया व जेई पर ईंट से प्रहार किया। इससे उनके पैर में चोट लग गई। किसी तरह से टीम ने गांव से निकलकर जान बचाई। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।