किशनी पुलिस की हिरासत में हत्यारोपी इनामी
- फोटो : MAINPURI
किशनी। गांव सहारा निवासी राजीव की हत्या के मामले में फरार चल रहे 20 हजार के इनामी अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रविवार को सीओ अमर बहादुर ने गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी दी। बताया कि सात जुलाई को 23 वर्षीय राजीव खान अपनी खोई हुई भैंस ढूंढने के लिए गांव भीखपुरा के पास गया था। उसने ट्यूबवैल के पास मौजूद अनिल और सुनील से जब भैंस के बारे मे पूछा, तो इसी बात से गुस्से में आकर दोनों ने राजीव की हत्या कर दी थी।
घटना के अगले दिन रात के समय अनिल, सुनील ने अपने साथी समोद पुत्र जितेंद्र, कमोद पुत्र फूल सिंह, मनोज पुत्र भूरे सिंह और सतेंद्र पुत्र महिपाल सिंह की मदद से शव को 200 मीटर दूरी पर दफना दिया था। मामला दर्ज होने के बाद जब जेल भेजे गए अनिल ने रिमांड के दौरान पुलिस को हत्या किए जाने की बात कबूल की थी। कंकाल व कपड़े भी बरामद कराए थे। मामले में शव को ठिकाने लगाने में मदद करने वाला समोद उर्फ अंशुल पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ पा रहा था। एसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार का इनाम घोषित किया था। रविवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि सभी आरोपी अब जेल की सलाखों के पीछे हैं।