बेवर (मैनपुरी)। किराना व्यापारी पिता-पुत्र के बाइक नहीं रोकने पर दो लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे बेटा घायल हो गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
जनपद कन्नौज के गांव बैरागपुर निवासी नरेंद्र पुत्र जगदीश की नवीगंज में किराना की थोक की दुकान है। शुक्रवार देप शाम वह प्रतिदिन की तरह दुकान बंद कर घर जा रहे थे। श्यामपुर मार्ग पर सामने खड़े दो लोगों ने रुकने का इशारा किया। नरेंद्र ने जब बाइक नहीं रोकी तो हमलावरों ने लाठी-डंडे चला दिए।
इस दौरान सिर में लाठी लगने से नरेंद्र बेहोश हो गया। जगदीश के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए। जिन्हें देखकर हमलावर वहां से भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों की तलाश की लेकिन कोई नहीं मिला। किराना व्यवसायी ने बताया कि पहले भी उस पर हमला हो चुका है। वारदात के बाद पीड़ित की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।
कहीं लूट के इरादे से तो नहीं की गई वारदात
किराना व्यवसायी नरेंद्र जिस समय पिता के साथ घर लौट रहा था। तब उसकी जेब में करीब दो लाख रुपये थे। नरेंद्र व जगदीश का कहना है कि हो सकता है कि वे लोग लूट के इरादे से आए हों। लेकिन लोगों के आ जाने पर वह लोग भाग गए।
पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। पुलिस जल्द ही हमला करने वालों को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। जसवीर सिंह सिरोही, प्रभारी निरीक्षक थाना बेवर