औंछा। थाना क्षेत्र में रविवार शाम को कासगंज के रहने वाले दंपती से लूट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की है। सोमवार को घायल दंपती का मेडिकल कराया गया। थाना पुलिस लूटकांड का जल्द खुलासा किए जाने की बात कह रही है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला केहरी निवासी रमेश चंद्र शाक्य जनपद कासगंज के मोहल्ला धनपाल में काफी समय से रह रहे हैं। रविवार को वह पत्नी सुनीता के साथ गांव सोडरा बरनाहल बीमार भतीजे को देखने जा रहे थे। तभी जसराना रोड पर गांव विक्रमपुर के पास तीन बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने असलहा के बल पर दंपती से जेवर व नकदी लूट ली थी।
झाले खींचने के दौरान महिला का कान फट गया था। बदमाशों ने दंपती के साथ हाथापाई भी की थी। मामले में पुलिस ने चार बदमाशों पर मामला दर्ज कर लिया है। सोमवार को प्रभारी निरीक्षक जेडी सिंह ने बताया कि लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।