बिछवां में पुलिस की हिरासत में दादी के हत्यारोपी
- फोटो : MAINPURI
बिछवां। गांव सुल्तानगंज की रहने वाली 80 वर्षीय वृद्धा की हत्या एक हजार रुपये के लालच में की गई थी। बृहस्पतिवार को हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी भतीजे और उसके साथी को जेल भेजा है। मामले में मृतका के पुत्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सीओ भोगांव अमर बहादुर और प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गांव सुल्तानगंज निवासी 80 वर्षीय जशोदा देवी पत्नी स्वर्गीय सोनेलाल का शव 20 सितंबर की सुबह कमरे के बाहर बरामदे में पड़ा मिला था। ग्रामीणों से जानकारी मिली थी कि जशोदा के दो भतीजे सुभाष और पप्पू पुत्र प्रहलाद 19 सितंबर को घर में देखे गए थे। पुलिस ने बुधवार की देर रात पप्पू निवासी नगला विष्णु थाना लाइन पार जनपद फिरोजाबाद व साथी संजू पुत्र रामनिवास मोहल्ला आजाद नगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पप्पू ने बताया कि दोस्त संजू के साथ 19 सितंबर को वह बुआ के घर गया था।
वहां शराब पी और खाना खाया। रात के समय वह दोनों लोग छत से नीचे आए और कमरे में रखे एक हजार रुपये निकाल लिए। इस बीच बुआ जशोदा वहां आ गईं। उन्हें रंगेहाथ चोरी करते हुए पकड़ लिया। बुआ के विरोध करने पर अंगौछा से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद एक हजार रुपये लेकर वह लोग रात में ही भाग गए थे। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा।
चोरी के मामले में पहले भी जा चुका है जेल
पप्पू पहले भी चोरी के मामले में जीआरपी अलीगढ़ द्वारा जेल भेजा जा चुका है। जीआरपी थाना में उस पर चोरी का माल व अवैध असलहा रखने के मामले भी दर्ज हैं।
दोनों ही आरोपी नशे के आदी हैं। रुपयों के लालच के चलते उन्होंने वृद्धा की हत्या की थी। आरोपियों को जेल भेजा गया है।
अजय कुमार पांडेय, एसपी