भोगांव में जीटी रोड पर लूट के बाद विलाप करती महिला
- फोटो : MAINPURI
भोगांव। जीटी रोड पर गांव अरमसराय के पास शनिवार की दोपहर अपाचे सवार दो लुटेरों ने बाइक सवार भाई-बहन को रोक लिया। महिला की कनपटी पर पिस्टल लगाकर उसकी चेन लूट ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।
थाना बेवर क्षेत्र के गांव नगला केहरी निवासी प्रमोद कुमार शनिवार को बहन मिथलेश को ससुराल थाना भोगांव क्षेत्र के गांव गढ़िया गोविंदेपुर छोड़ने के लिए जा रहा था। भाई-बहन दोपहर करीब एक बजे जब भोगांव क्षेत्र में जीटी रोड स्थित गांव अरमसराय के पास पहुंचे। तभी पीछे से काले रंग की अपाचे अचानक बराबर में आ गई।
जब तक प्रमोद कुछ समझ पाता लुटेरे ने पिस्टल निकाल ली जिसके बाद प्रमोद ने बाइक को रोक दिया। बदमाश ने पिस्टल महिला की कनपटी पर सटा कर गले में पड़ी सोने की चेन लूट ली। इस दौरान धक्का-मुक्की में मिथलेश बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। लुटेरे भोगांव की ओर भाग गए। पुलिस ने चेकिंग की, लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आ सके।
घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से जानकारी ली गई है। पुलिस जल्द से जल्द लूट की वारदात करने वाले बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। - पहुप सिंह, प्रभारी निरीक्षक