करहल। गांव महालरपुर में नाली के पानी की निकासी को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस दोनों पक्ष के घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल ले गई। वहां एक युवक व परिजनों ने पुलिस पर पीटने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। थाना पुलिस आरोप से इनकार कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव महालरपुर में मंगलवार की सुबह नाली के पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना के बाद महानंदी पत्नी मानसिंह की ओर से गांव के जसवंत, प्रमोद, प्रदीप व अनुज पर घर में घुसकर पीटने व जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया। दूसरे पक्ष जसवंत पुत्र प्रताप सिंह ने वीनेश, रामकिशोर, राहुल व सीटू के खिलाफ पीटने का आरोप लगाया। दोपहर के समय पुलिस घायलों को मेडिकल के लिए सीएचसी ले गई।
वहां जसवंत पक्ष के प्रमोद ने हंगामा करना शुरू कर दिया। उसने आरोप लगाया कि विपक्षियों से मिलकर पुलिस ने थाने में उसको लाठी डंडा से पीटा। इतना ही नहीं उसे करंट भी लगाया गया। हंगामा होता देख अस्पताल में तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई। मामला शांत होने के बाद पुलिस सभी का मेडिकल करा कर थाने ले गई। वहीं जब प्रभारी निरीक्षक देवेंद्रनाथ मिश्रा से इस संबंध में जानकारी ली गई, तो उनका कहना है कि सभी आरोप निराधार हैं। दोनों पक्ष शिकायत लेकर आए तो नियमानुसार मेडिकल के लिए भेजा गया।