घिरोर। नगला मनी में हुए अरविंद हत्याकांड के बाद कुछ चौकाने वाली बातें सामने आईं हैं। लोग हैरान हैं कि इतनी जरा सी बात पर युवक की हत्या कर दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी रात के अंधेरे में टॉर्च की रोशनी करके अपना कुत्ता ढूंढ रहा था। इसी बीच आरोपी का विवाद हो गया।
विज्ञापन
गांव नगला मनी निवासी 45 वर्षीय अरविंद कुमार शुक्रवार की रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। तभी पड़ोसी बसंत ने पत्नी की चारपाई पर टॉर्च की रोशनी मारी। अरविंद के विरोध पर बसंत ने टॉर्च की रोशनी में कुत्ता ढूंढे जाने की बात कहते हुए गाली गलौज की। बस इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस होने लगी।
विवाद बढ़ा तो आरोपी ने अपने सहयोगी बुला लिए और अरविंद को इतना पीटा की उसकी मौत हो गई। अरविंद हत्याकांड के पीछे की वजह भले ही मामूली हो, लेकिन कहीं न कहीं यह सोचने पर मजबूर करती है कि जल्दबाजी में लिया निर्णय किस कदर घातक हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक या आरोपी कोई भी संयम से काम लेते तो शायद इस हत्याकांड को टाला भी जा सकता था।