करहल (मैनपुरी)। इटावा रोड पर स्टेट बैंक के सामने एक विवादित भूखंड पर गिहार समाज के लोगों ने मंगलवार की शाम देवी मूर्ति रख दी। इससे वहां तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मूर्ति को हटवाकर दोनों पक्षों को यथा स्थिति बनाए रखने की हिदायत दी है।
इटावा रोड पर स्टेट बैंक के सामने एक भूखंड को लेकर गिहार पक्ष और मुस्लिम पक्ष के लोगों के बीच विवाद चल रहा है। इस संबंध में एक मुकदमा अदालत में भी विचाराधीन है। एक महीने पहले गिहार समाज के लोगों द्वारा जमीन पर कब्जे का प्रयास किया गया। जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवा दिया। मंगलवार की शाम गिहार पक्ष के लोगों ने विवादित जमीन पर देवी की मूर्ति रख दी। जानकारी होते ही मुस्लिम समाज में तनाव हो गया। मुस्लिम पक्ष के कई लोग मौके पर पहुंच गए। मुस्लिम पक्ष के कल्लू की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर गिहार पक्ष के लोग मौके से भाग गए। पुलिस ने विवादित जमीन से मूर्ति को हटवा दिया। दोनों पक्षों को यथा स्थिति बनाए रखने की हिदायत दी। इंस्पेक्टर देवेंद्र नाथ मिश्रा का कहना है जो पक्ष विवादित जमीन पर कुछ भी नया करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अदालत का निर्णय आने तक यथा स्थिति बनाए रखी जाएगी।