भोगांव थाने में जानकारी जुटाते एसपी
- फोटो : MAINPURI
भोगांव। विवाहेतर संबंधों के चलते नगला विचित्र में महिला और युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दो अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। मंगलवार को एसपी ने भी थाने पहुंचकर आरोपियों से पूछताछ की।
थाना क्षेत्र के गांव नगला विचित्र में शनिवार की रात गांव निवासी 22 वर्षीय संजीव राजपूत व रीतू की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। शव घर से कुछ दूरी पर अलग-अलग जगह फेंक दिए गए थे। रविवार को घटना की जानकारी होने के बाद ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। जांच और मृतका के पुत्र के बयान से पता चला था कि मृतका रीतू के पति ने चचेरे भाइयों व ताऊ के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया था। घटना के पीछे जो वजह बताई गई थी। उसके अनुसार शनिवार की रात गौरव अपने चचेरे भाई सुमित, अमित और ताऊ राधेश्याम के साथ देर रात घर लौटा था। तभी उसने पत्नी रीतू को पड़ोसी संजीव के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद गौरव ने चचेरे भाइयों और ताऊ के साथ मिलकर दोनों की पिटाई करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी थी। शव को गांव में दो अलग-अलग जगह पर फेंक कर भाग गया था।
इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रहीं हैं। हत्याकांड में मुख्य आरोपी गौरव सहित नामजद तीन आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गौरव ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। उसने पुलिस को बताया है कि पत्नी को संजीव के साथ देख वह आपा खो बैठा था। एसपी का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।