इलाबांस (मैनपुरी)। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव रंपुरा में युवक की हत्या किए जाने की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ मृतक के परिजनों ने मारपीट कर दी। मारपीट में सिपाही घायल हो गया। सूचना पर सीओ सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंच गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव रंपुरा जटपुरा निवासी 25 वर्षीय पंकज शर्मा ने मंगलवार की सुबह गृहकलह के चलते फांसी लगाकर जान दे दी थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शाम के समय शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस बीच गांव के किसी व्यक्ति की ओर से युवक की हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को दे दी गई। सूचना मिलने के बाद इलाबांस चौकी पर तैनात दो सिपाही शव जलाए जाने वाले स्थान पर पहुंए गए।
सिपाहियों ने चिता की लकड़ी इधर उधर करके शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया। तभी मृतक के परिजन हमलावर हो गए। सिपाही अरुण कुमार के सिर में डंडा लगने से वह घायल हो गया। पुलिसकर्मियों से हमले की सूचना मिलने के बाद सीओ अभय नरायन राय पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए। आरोपियों की तलाश में दबिश देकर तीन आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर थाने ले गई, चोटिल सिपाही का मेडिकल कराया गया।
गांव रंपुरा में एक युवक की मौत के बाद परिजन शव जला रहे थे। इस सूचना पर जांच करने गए दो सिपाहियों पर हमला कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के भाई, पिता व साले को गिरफ्तार कर लिया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
अजय कुमार पांडेय, एसपी