मैनपुरी। थाना कुर्रा क्षेत्र में छेड़खानी से क्षुब्ध होकर खुदकुशी के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार को एसपी ने प्रेसवार्ता कर घटनाक्रम की जानकारी दी। बताया कि मृतका नाबालिग नहीं बल्कि बालिग थी।
थाना कुर्रा क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की देर शाम एक युवती जब छत पर काम कर रही थी, तभी पड़ोसी युवक द्वारा उसके साथ छेड़खानी की गई थी। कुछ देर बाद छत पर पहुंचे भाई ने दोनों को साथ में देख लिया था। इसके बाद छेड़खानी करने वाले युवक के साथ कहासुनी व हाथापाई हुई थी। बुधवार की सुबह युवती ने छेड़खानी से क्षुब्ध होकर विषाक्त खाकर जान दे दी थी। भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़खानी व खुदकुशी के लिए प्रेरित किए जाने का मामला दर्ज कर लिया था। बुधवार की रातभर पुलिस आरोपी की तलाश करती रही। बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी अजय कुमार पांडेय ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि एक माह पूर्व युवक और युवती बात करते हुए पकड़े गए थे। तभी से दोनों परिवार के बीच बातचीत बंद हो गई थी। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजा गया है। वहीं मृतका के कागजात आदि के आधार पर वह बालिग पाई गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।