औंछा। गांव नगला हुलासी में पांच दिन पूर्व एक शादी समारोह के दौरान हुई कहासुनी ने शनिवार को उग्र रूप ले लिया। एक पक्ष के लोगों ने विपक्षी के साथ मारपीट कर फायरिंग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव हुलासी में करीब पांच दिन पूर्व गांव निवासी राजबहादुर सिंह व पुजारी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। ग्रामीणों ने बीच बचाव करते हुए मामला शांत करा दिया था।
शनिवार की शाम राजबहादुर सिंह घर के बाहर चबूतरा पर बैठे थे। तभी पुजारी पक्ष के प्रवीन कुमार, दिलीप, रतनेश, गिरीश चंद्र, रामू, राहुल, दीपू हाथों में लाठी-डंडा लेकर आए और मारपीट करने लगे।
इस दौरान फरसा लगने से राजबहादुर घायल हो गए। एक आरोपी ने फायरिंग भी की। प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।