मैनपुरी। युवक को जिंदा जलाने की कोशिश के मामले में नया मोड़ आ गया है। सैफई में उपचार करा रहे घायल की पत्नी ने एक नामजद सहित तीन लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में घायल द्वारा भाई पर लगाए आरोप का कहीं भी जिक्र नहीं है। पुलिस अब मामले की नए सिरे से जांच में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के रामलीला मैदान निवासी रामकिशन मंगलवार की सुबह कोतवाली पुलिस को गांव झिंझाई के पास गंभीर रूप से जली हुई अवस्था में मिले थे। जिला अस्पताल से उन्हें सैफई के लिए रेफर कर दिया गया था। घायल ने अपने भाई पर ही घरेलू बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में दो साथियों के साथ मिलकर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया था। मंगलवार देर रात उक्त मामले में नया मोड़ आ गया। रामकिशन की पत्नी साधना कश्यप ने राजकुमार पुत्र हरदीप व दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध पति को साथ ले जाकर जान से मारने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पत्नी की ओर से दी गई तहरीर में न तो किसी घरेलू विवाद का जिक्र किया गया, न ही घायल के बयान में नामजद भाई को किसी भी तरह से संलिप्त बताया गया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस अब नए सिरे से जांच में जुट गई है।
रामकिशन की पत्नी ने एक नामजद सहित दो लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस जल्द ही नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। मामले की गंभीरता के साथ जांच की जा रही है।
भानू प्रताप, इंस्पेक्टर कोतवाली