बरनाहल पुलिस की हिरासत में किशोर का हत्यारोपी
- फोटो : MAINPURI
बरनाहल (मैनपुरी)। चार दिन पूर्व मारपीट में घायल हुए एक किशोर ने सैफई मिनी पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मारपीट के मामले को गैर इरादतन हत्या की धाराओं में तरमीम किया है। वहीं दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
थाना क्षेत्र के गांव नौनामई डेरा बंजारा निवासी यासीन चार दिन पूर्व कोसमा से साइकिल ठीक कराने के बाद घर वापस लौट रहा था। तभी गांव के ही नवी आलम से उसका झगड़ा हो गया था। इसके कुछ देर बाद जब यासीन घर पहुंचा तो वहां नामजद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी थी। उसे उपचार के लिए सैफई रेफर कर दिया गया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने नवी आलम, अल्लाह बख्श, गटकन और कलक्टर के विरुद्ध मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। मंगलवार की सुबह करीब तीन बजे यासीन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने उक्त मामले को गैर इरादतन हत्या की धाराओं में तरमीम कर लिया। बुधवार को पुलिस ने नामजद किए गए नवी आलम और गटकन को बहसी तिराहा के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजा।