अजीतगंज (मैनपुरी)। एल एंड टी (लार्सन एंड टूब्रो) कंपनी के जेई की गाड़ी में रखी लाइसेंसी रिवाल्वर गायब हो गई। घर पहुंचने के बाद जब जानकारी हुई तो उन्होंने थाने में शिकायत दी। इस बीच सीमा विवाद के चलते किशनी और एलाऊ पुलिस के बीच विवाद चलता रहा। तीन दिन बीतने के बाद भी अभी तक मामला दर्ज नहीं हो सका है।
जनपद इटावा के थाना भरथना क्षेत्र के इंद्रानगर निवासी चरण सिंह एल एंड टी कंपनी में जेई के पद पर तैनात हैं। कंपनी की ओर से उन्हें थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव दिवलपुर में 765 केवी लाइन कार्य में लगाया गया है।
जेई के अनुसार चार मई को वह अपने साथी अरुण कुमार उर्फ अरविंद शाक्य निवासी गांव
मुकुटपुर किशनी के साथ साइट पर आए थे। शाम को वापस लौटते समय मैनपुरी-कुसमरा मार्ग पर
दिवलपुर प्राथमिक विद्यालय के पास अचानक गाड़ी बंद हो गई। काफी देर प्रयास के बाद भी जब गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई तो सड़क के किनारे खड़े तीन लोगों ने मदद कर गाड़ी को स्टार्ट करा दिया। जब जेई घर पहुंचे तो देखा कि रिवाल्वर गायब थी। वह तुरंत ही शिकायत दर्ज कराने के लिए किशनी थाने पहुंचे, लेकिन वहां एलाऊ थाने जाने के लिए कहा गया। एलाऊ थाना पहुंचने के बाद तहरीर दी। किशनी और एलाऊ पुलिस के बीच सीमा विवाद भी रहा। इसके चलते तीन दिन बीतने के बाद भी अभी तक मामला दर्ज नहीं हो सका है। एलाऊ थाना प्रभारी जेडी सिंह का कहना है कि तहरीर मिल गई है।
जांच कर कार्रवाई की जाएगी। सीमा आदि का कोई विवाद नहीं था।
आशीष दीक्षित