16एमएनपी-09-पुलिस लाइन में तमंचा फैक्टरी संचालक से पूछताछ करते एसपी अजय कुमार
- फोटो : MAINPURI
किशनी (मैनपुरी)। गांव मधुपुरी स्थित एक घर में अवैध असलाह निर्माण की सूचना पर रविवार की देर शाम थाना पुलिस ने दबिश दी। आंगन में तमंचा बना रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। पांच तमंचा व उपकरण भी बरामद हुए हैं।
सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक ओमहरि वाजपेई को सूचना मिली थी कि गांव मधुपुरी में अवैध असलाह फैक्ट्री संचालित हो रही है। मुखबिर तंत्र के जरिए जब जानकारी जुटाई गई तो सूचना सही मिली। रविवार की देर शाम प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस बल के साथ गांव निवासी राजू उर्फ राजेश को घर के आंगन में तमंचा बनाते समय गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान प्रमोद कुमार निवासी गांव धीरपुर मुड़ौसी वहां से भाग गया। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा भी किया लेकिन वह हाथ नहीं आ सका। एसपी ने बताया कि पकड़े गए राजू पर चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके कब्जे से पांच बने तमंचा, असलाह बनाने के उपकरण आदि मिले हैं। आरोपी काफी समय से इस धंधे में लिप्त था।