मैनपुरी। गांव प्यारपुर में शुक्रवार को चेकिंग करने गई विद्युत विभाग की टीम के साथ हाथापाई कर दी। गांव में फंसी टीम पुलिस के पहुंचने के बाद निकल पाई। दंपती के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, हाथापाई और धमकी दिए जाने की तहरीर दी गई है। मंछना फीडर पर तैनात जेई गिरप्रसाद शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे टीम में शामिल उमेश, प्रदीप संविदाकर्मी लाइनमैन अवधेश के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव प्यारपुर में बकाया बिल वसूली व चेकिंग अभियान के लिए गए थे।
जेई के अनुसार वहां जब गांव निवासी मनीष के घर जाकर कनेक्शन संबंधी कागजात मांगे तो वह लोग नहीं दिखा सके। आरोप है कि मनीष और उनकी पत्नी गाली-गलौज करते हुए हाथापाई करने लगे। वहीं उनकी बाइक की चाबी भी निकाल ली गई। सूचना पर जब यूपी 112 के पुलिसकर्मी पहुंचे, तब कहीं जाकर वह गांव से निकल सके और बाइक की चाबी मिल सकी। जेई ने कोतवाली में तहरीर देकर दंपती के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, हाथापाई व धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। एसएसआई सुदामा लाल का कहना है कि तहरीर पर जांच करने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बिजली विभाग के जेई की ओर से दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। विभागीय कार्रवाई से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की टीम पर ही अभद्रता का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि दंपती अकेले तीन-चार कर्मचारियों के साथ मारपीट कैसे कर सकते हैं। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।