मैनपुरी। शहर के एक मोहल्ला निवासी छात्रा शोहदे से खौफजदा है। शोहदे की हरकतें इतनी बढ़ गईं हैं कि छात्रा का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति की 15 वर्षीय पुत्री शहर स्थित एक इंटर कालेज में कक्षा नौ की छात्रा है। बीते कई दिनों से एक शोहदे शिवम ने उसका घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। खौफ के चलते छात्रा घर में कैद होकर रह गई है। जब भी बाहर निकलती है तो रास्ता रोकता है और शादी करने के लिए कहता है। कई दिनों तक तो छात्रा बर्दाश्त करती रही लेकिन अब शोहदे की हरकतें हद से पार हो गईं। छात्रा ने इसकी जानकारी परिजनों को दी तो शुक्रवार की शाम वह तहरीर लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
आईपीसी बताने लगे एसएसआई
छात्रा के साथ शोहदे की हरकतों को लेकर जब कोतवाली के एसएसआई सुदामा लाल से पूछा तो वे आईपीसी की धाराएं गिनाने लगे। उनका कहना था कि धारा 354डी में तीन साल की सजा का प्रावधान है। सात साल से कम सजा के मामलों में पुलिस गिरफ्तारी नहीं कर सकती है। इससे साफ है कि पुलिस छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कितनी गंभीर है।
छात्रा के पिता की ओर से शिकायत दी गई है। मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
पीआर शर्मा, इंस्पेक्टर कोतवाली