मैनपुरी। शहर के राधारमन रोड स्थित खुशी हॉस्पीटल के संचालक ने फाइनेंस कंपनी के रिकवरी मैनेजर के साथ मारपीट की। आरोप है कि अस्पताल संचालक ने अपने पुत्र और पुत्री व स्टॉफ के साथ मिलकर उसे दो घंटे तक बंधक बनाए रखा। पुलिस ने बंधक बनाकर मारपीट करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी की फर्रुखाबाद शाखा से राधारमन रोड स्थित खुशी हॉस्पिटल के संचालक ने कार लोन ले रखा है। सोमवार को फाइनेंस कंपनी के रिकवरी मैनेजर सचिन मिश्रा वसूली के लिए अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि परिचय देते ही अस्पताल संचालक राजेंद्र सिंह व उनकी पुत्र अरविंद कुमार और पुत्री पंकज ने अभद्रता करना शुरू कर दिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट करते हुए स्टॉफ की मदद से उसे बंधक बना लिया गया। आरोपी उसे करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रहे। जानकारी पर पहुंची कोबरा मोबाइल पुलिस ने उसे मुक्त कराया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल संचालक उनके पुत्र और पुत्री के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बकाया जमा नहीं कर रहा है संचालक
रिकवरी मैनेजर सचिन मिश्रा ने बताया कि अस्पताल संचालक पर कार लोन का दो लाख रुपये बकाया है। पिछले काफी समय से उनके द्वारा किस्त जमा नहीं की गई है। पहले भी कुछ कर्मचारी आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
पीड़ित की तहरीर पर खुशी हॉस्पीटल के संचालक, उनके पुत्र और पुत्री के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
-पोसीराम शर्मा, इंस्पेक्टर कोतवाली
-
अवैध शराब और झगड़ा करते पकड़ा
कुरावली। थाना पुलिस ने खेल मैदान के पास चंदन निवासी गिहार कालोनी को कच्ची शराब व यूरिया के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा। वहीं रुपये के लेनदेन को लेकर झगड़ा करते पकड़े गए प्रदीप कुमार निवासी गावं बरौलिया और ओमशरन निवासी कुरावली के विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की गई।
ई-रिक्शा की बैटरी चोरी
कुरावली। मोहल्ला कुंवरपुर निवासी सर्वेश कुमार के घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा की चार बैटरी रविवार की रात चोरों द्वारा चोरी कर लीं गईं। पीड़ित ने मोहल्ले के ही एक व्यक्ति पर चोरी किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।