टूंडला के पचोखरा में लूट की घटना से अवगत कराती वृद्धा राधादेवी
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। आगरा के अस्पताल में भर्ती दामाद कोे देखकर लौट रही एक वृद्धा को कार सवार बदमाशों ने लूट लिया। बदमाश वृद्धा से कुंडल, नकदी और मोबाइल छीन ले गए और रास्ते में छोड़कर फरार हो गए।
थाना व गांव पचोखरा निवासी राधा देवी पत्नी स्व. श्रीकृष्ण सोमवार को सड़क हादसे में घायल दामाद को देखने आगरा के एक अस्पताल गई थी। आगरा से घर लौटते समय उसे कार सवार बदमाशों ने यह कहकर बैठा लिया कि वह उसे पचोखरा छोड़ देंगे। वह कार में बैठ गई। वृद्धा ने बताया कि कार सवार बदमाशों ने आगे चेकिंग की बात कहते हुए कुंडल, नकदी और मोबाइल बैग में रखवा दिए।
कार टूंडला से एटा रोड पर केपी मैरिज होम के सामने पहुंची तभी बदमाशों ने तमंचा दिखाते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी और कुंडल, मोबाइल और करीब ढाई हजार रुपये वाला बैग बदलकर दूसरा बैग थमा दिया। इसके बाद बदमाश वृद्धा को उतार कर फरार हो गए। लूटपाट के बाद वृद्धा ने इसकी जानकारी पुत्र हरेंद्र को दी। हरेंद्र ने पुलिस में तहरीर दी है।
थाना प्रभारी संजय का कहना है कि कार सवारों ने बैग बदलकर वृद्धा के सामान को गायब कर दिया है। इतना ही नहीं, बदमाश वृद्धा को दूसरा बैग देकर फरार हो गए। बैग को खुलवाया गया तो किसी और के कपड़े निकले। घटना आगरा क्षेत्र की है, फिर भी वह घटना का जल्द खुलासा करेंगे।