टूंडला(फिरोजाबाद)। फिरोजाबाद हाईवे पर होटल संचालक के अपहरण की कोशिश की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस ने इनोवा सवार चार युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने जांच की तो मामला कार ओवरटेक को लेकर हुए विवाद का निकला। दोनों पक्षों के बीच राजीनामा के बाद हिरासत में लिए युवकों को छोड़ दिया गया। फिरोजाबाद हाईवे पर उसायनी स्थित मां वैष्णोधाम मंदिर के ट्रस्टी रामकुमार गुप्ता पुत्र जगदीश गुप्ता निवासी जलेसर रोड, थाना उत्तर, फिरोजाबाद का मंदिर के सामने ही पार्क इन होटल है। वह मंगलवार शाम करीब 3.45 बजे कार में सवार होकर घर से होटल आ रहे थे। राजा का ताल के निकट ओवरब्रिज के नीचे सर्विसलेन पर पीछे से आए इनोवा सवार चार युवकों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया।
इसके बाद कार सवार युवकों ने उन्हें कार से कॉलर पकड़कर खींच लिया तथा जबरन गाड़ी में डालकर ले जाने प्रयास किया। इनोवा सवार युवकों की पकड़ से छूटकर रामकुमार ने अपनी गाड़ी दौड़ा दी तथा शोर मचाते हुए राजा का ताल चौकी पहुंच गए। यहां उन्होंने इनोवा सवार युवकों द्वारा अपहरण की कोशिश करने की बात बताई। चौकी प्रभारी राजीव चित्रांश ने तत्काल चारों युवकों को पकड़ लिया। उन्होंने पकड़े युवकों से पूछताछ की मामला कार ओवरटेक को लेकर हुए विवाद का निकला। इस बीच दोनों पक्षों के लोग आ गए और आपस में समझौता हो गया। थाना प्रभारी जेएन अस्थाना ने बताया कि मामला अपहरण की कोशिश का न होकर ओवरटेक को लेकर हुए विवाद का था। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है।