कासगंज। सोरों थाना क्षेत्र के गांव होडलपुर में करीब 3 माह पूर्व रंजिश के चलते एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने न्यायालय में 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। 26 जुलाई को सोरों के होडलपुर में रंजिश के चलते पूर्व प्रधान राजपाल उर्फ बाबा के परिवार पर गांव के ही केके राजपूत के पक्ष ने घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। इसमें पूर्व प्रधान के पुत्र भूपेंद्र उर्फ रुद्र, भाई प्रेम सिंह, भतीजा राधाचरन की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक भतीजा प्रमोद की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
मामले में हत्यारोपी केके राजपूत, गीतम सिंह, रामसिंह, सुशील, अतर सिंह, राजेश, रामकिशोर, गंगा सिंह, बबलू, सत्यदेव, राजू, भूप सिंह, उमेश के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। हत्याकांड के सभी आरोपी जेल में हैं। 11 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि दो आरोपियों ने न्यायालय में सरेंडर किया था। सनसनीखेज हत्याकांड के सभी आरोपियों के खिलाफ अब गैंगस्टर की कार्रवाई अब पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की जा रही है। सोरों के कोतवाली निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि होडलपुर हत्याकांड के मामले में चार्जशीट न्यायालय में दाखिल की जा चुकी है। सभी आरोपी न्यायालय में हैं। अब पुलिस आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई करेगी।