कासगंज के ढोलना के गांव मोहम्मदपुर में हलवाई की दुकान में चोरों द्वारा लगाया गया नकब
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। जिला में चोरों का आतंक लगातार बना हुआ है। चोरों ने अलग अलग स्थानों पर तीन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। चोर 21 हजार की नकदी के अलावा लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य के आभूषण सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। ढोलना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर में चोरों ने खुशबू मिष्ठान भंडार की दुकान में नकब लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान में रखी 6 हजार रुपये की नकदी, चीनी की बोरी, तीन टीन घी, रिफाइंड, 40 किलो मिठाई, इंवर्टर, दीवार घड़ी आदि चोरी कर ली।
चोरों ने पहचान से बचने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की चिप को भी निकाल लिया। दुकान स्वामी चंद्रभान सिंह पुत्र मथुरा प्रसाद निवासी ढोलना जब सुबह के समय दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो उनको चोरी की वारदात का पता चला। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरा मामला मोहनपुर क्षेत्र के अमांपुर अड्डा के निकट प्रकाश पुत्र मंगली प्रसाद के घर का है। जहां से चोरों ने नकब लगाकर घर में रखी 10 हजार रुपये की नकदी, 25 ग्राम सोने तथा 1 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सुबह के समय जब परिजन शौच के लिए घर से बाहर निकले तो पीछे के हिस्से में नकब लगा देखकर होश उड़ गए। इसके बाद कमरे के अंदर जाकर देखा गया। जहां सामान अस्तव्यस्त मिला।