सोरों (कासगंज)। क्षेत्र के ग्राम बघेला में एक ग्रामीण की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पत्नी ने पति की मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बघेला निवासी ओमवीर सिंह (55) पुत्र रामचरण की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ओमवीर की पत्नी मीरादेवी का कहना है कि उसकी देवरानी बेबी के यहां गांव के ही कुछ लोगों का आना-जाना था, जिसका उसके पति विरोध करते थे। इसी के चलते देवरानी एवं गांव के ही नीरेश, कौशल एवं नरेश उसके पति से रंजिश मानते थे। सोमवार की रात सभी उसके घर पर आ गए और लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। जिसके चलते उसके पति की मौत हो गई।
चीख-पुकार सुनकर गांव के लोगों के आने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी ने पुलिस को तहरीर दी है। वहीं कोतवाली प्रभारी रविंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि हत्या का मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी नहीं दिखाई दे रहे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।