कासगंज। शहर के नदरई गेट इलाके में सोमवार सुबह पल्लेदार का शव नाली में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। वहीं परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।
पायल टॉकिज के समीप रहने वाला एफसीआई गोदाम का पल्लेदार मुन्ना लाल पुत्र किशोरी लाल रविवार की रात अपने घर से निकला था। लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह गांधी मूर्ति के समीप नाली में लोगों ने एक शव पड़ा हुआ देखा। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।
नदरई गेट चौकी इंचार्ज अशोक तोमर ने मौके पर पहुंचकर शव को नाली से बाहर निकलवाया। शिनाख्त की तो पता चला कि शव मुन्ना लाल का है। मौके पर पल्लेदार के परिजन भी पहुंच गए। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराना चाहती थी। लेकिन परिजनों ने इससे इंकार कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
- पल्लेदार का शव नाली में मिला है। बताया जाता है कि वह नशे का आदी था। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। - अशोक तोमर, चौकी इंचार्ज, नदरई गेट।