कासगंज में चोरी की वारदात का खुलासा करते एसपी
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। सोरों और कासगंज पुलिस ने चोरी की दो वारदातों का खुलासा किया। मामले में चोरी के 6 आरोपियों को पकड़कर जेल भेजने का दावा भी किया है। वहीं, पुलिस ने चोरी का सामान और नकदी भी बरामद कर ली है। 5 फरवरी को चामुंडा गेट के समीप व्यापारी नकी हैदर के घर में जंगला काटकर चोरों ने जेवरात, नकदी और लाइसेंसी रिवाल्वर व कारतूस चोरी कर लिए। घटना के खुलासे के लिए एसपी सुशील घुले ने सीओ सिटी आरके तिवारी के नेतृत्व में टीम बनाई। सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि कुछ शातिर माल गोदाम रोड पर चोरी की योजना बना रहे हैं। इस पर कोतवाली प्रभारी दिनेश दुबे ने टीम के साथ मालगोदाम रोड पर घेराबंदी की और मोहल्ला नवाब निवासी सलमान, शाहिद को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि ढाई लाख रुपये चोरी किए जिनमें से 1 लाख 58 हजार रुपये खर्च हो गए। पुलिस 92 हजार रुपये की नकदी, जेवरात व रिवाल्वर बरामद की है। वहीं, सोरों में रविवार रात बड़ा बाजार निवासी गंगाबल्लभ की किराने की दुकान में नकब लगाकर चोरों ने चोरी की थी। एसपी के निर्देशन में कोतवाली प्रभारी रिपुदमन सिंह घटना के खुलासे में जुटे। मिली सूचना पर चोरी में शामिल मोहल्ला घटिया निवासी जीतू, पीलीकोठी निवासी राकेश, मोहल्ला योगमार्ग निवासी भगवती और गांव चलारी निवासी मोनू को गिरफ्तार किया है।
इन चारों के कब्जे से पुलिस ने चोरी किए गए 2500 रुपये, किराने की दुकान का सामान और सोलर प्लेट, बैटरी बरामद की है। चोरों ने पुलिस को बताया कि 8 मार्च को गांव चलारी में चरन सिंह की दुकान से सोलर प्लेट और बैटरी चुराई थी। एसपी सुशील घुले ने बताया कि चोरों से पूछताछ की गई। उन्होंने अपना जुर्म स्वीकारा है। कासगंज और सोरों पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस टीम का कार्य प्रशसंनीय है।