कासगंज। नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान व्यापारियों से हुई कर्मचारियों की नोकझोंक के मामले में पुलिस ने व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सहित चार व्यापारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पालिका के कर्मियों ने बुधवार को शहर में अतिक्रमण हटाओ एवं पॉलिथीन जब्त अभियान चलाया था। इसी दौरान कर्मियों द्वारा जबरन व्यापारियों के सामान को भरने की कोशिश करने पर कई स्थानों पर उनके बीच नोकझोंक हो गई। इसके बाद व्यापारी एकत्रित हो गए।
पालिका कर्मियों ने व्यापारियों पर रसीद बुक फाड़ देने, रुपये लूटने व एक कर्मी की जंजीर लूट लेने सहित अन्य आरोप लगाए। कर्मियों ने पालिका के अधिशासी अधिकारी को भी मामले की जानकारी दी। इसके बाद अधिशासी अधिकारी ने व्यापार मंडल मिश्रा गुट के जिला अध्यक्ष सुरेश वाष्णेय, सुनील कुमार, हीरा, अशोक आदि को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी।