कासगंज। मृत महिला पर पाबंदी की कार्रवाई करने वाले दरोगा पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है। सीओ और एसडीएम ने शनिवार को दरोगा का नोटिस जारी कर दिया और सोमवार तक लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। कार्रवाई की हद में आए दरोगा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रहीं हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो दरोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
दरोगा छेदालाल आवास विकास चौकी इंचार्ज के रूप में तैनात हैं। कुछ दिनों पहले गोरहा गांव में भूमि विवाद हुआ। जिसमें पुलिस ने दोनों पक्षों को पाबंद करते हुए शांतिभंग की धाराओं में चालानी रिपोर्ट एसडीएम न्यायालय में भेजी। मामले में शुक्रवार को उपजिलाधिकारी सदर ने न्यायालय में चालानी रिपोर्ट का परीक्षण किया। पाया गया कि जो महिला शांतिभंग की धाराओं में पाबंद की गई है उसकी तो एक साल पहले ही मौत हो चुकी है। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।
पत्र पुलिस के अधिकारियों भेजा। शनिवार को सीओ सिटी आईपी सिंह ने दरोगा से स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं एसडीएम ललित कुमार ने भी दरोगा से सोमवार तक लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा है। दरोगा का दावा है कि वहां ग्रामीणों द्वारा जो नाम बताए गए थे उसी के आधार पर पाबंदी की कार्रवाई की गई है। जबकि नियम है कि जिस व्यक्ति के खिलाफ पाबंदी की कार्रवाई होगी। पुलिस उसका पहचान पत्र भी जुटाएगी।