कासगंज। कोतवाली पुलिस का खेल भी गजब है। एक साल पहले मृत महिला को ही पुलिस ने पाबंद कर दिया है। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए कोतवाल व उपनिरीक्षक को कोर्ट में तलब होने के आदेश दिए हैं। गंगा देवी पत्नी सालिगराम निवासी गोरहा की एक साल पहले मौत हो गई थी। लेकिन पुलिस ने उन्हें पाबंद कर दिया। इतना ही नहीं उनकी चालानी रिपोर्ट एसडीएम न्यायालय में भेज दी।
महिला की मौत के बाद भी उसके कार्रवाई होने से परेशान परिजनों ने कोर्ट पहुंचकर एसडीएम को वस्तु स्थिति से अवगत कराया। ग्राम प्रधान ने भी महिला की मौत पुष्टि की। इसके बाद एसडीएम ने मामले पर कड़ी आपत्ति जताई। इस पर उन्होंने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक व उपनिरीक्षक छेदालाल को कोर्ट में उपस्थित होकर यह स्पष्टीकरण देने को कहा।