कासगंज में सोरों के ग्राम होडलपुर में घटना स्थल एकत्रित ग्रामीण
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। प्रेमी युगल की खुदकुशी का मामला दोनों ही परिवारों के लोगों के समझ में नहीं आ रहा है। वे खुदकुशी की बात से संतुष्ट नहीं है और एक दूसरे पर दोनों की हत्या का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि दोनों ही परिवारों में से किसी ने पुलिस को कोई भी तहरीर नहीं दी है।
युवती के पिता राम किशोर का कहना है कि उनकी बेटी अभी पढ़ रही थी। वह 12वीं की छात्रा है। उसको बहला फुसलाकर ले जाकर हत्या कर दी गई है। उसने हत्या का आरोप सीधे सीधे युवक के परिजनों पर मढ़ा।
वहीं युवक कुंवरपाल के पिता पप्पू का कहना है कि कुंवरपाल की हत्या की गई हैं। उन्होंने युवती के परिवार के चाचा पर आरोप लगाया। उनका कहना था कि चाचा से उनके परिवार की रंजिश है। जिसके चलते युवक की हत्या कर दी गई है।
50 दिन में ही उजड़ गए सपने
कासगंज। प्रेम प्रसंग में खुदकुशी करने वाले युवक कुंवरपाल की शादी 11 मई को गांव चादंपुर नौकशपुर एटा की पूनम पुत्री संतोष के साथ हुई थी। पूनम ने अपने सुनहरे जीवन के शादी के बाद तमाम सपने देखे। लेकिन 50 दिनों में ही उसका जीवन उजड़ जाएगा इसकी उसने कभी कल्पना नहीं की। पूनम का पति कुंवरपाल की मौत हो जाने से बुरा हाल है।
बेटी की मौत से आहत था पिता, अन्य बेटियों को लगा रहा था कलेजे से
युवती के पिता उसकी मौत से आहत दिखा। उसके कोई पुत्र नहीं हैं, सभी छह बेटियां हैं। वह अपनी बड़ी बेटी की शादी कर चुका है। यह दूसरे नंबर की बेटी थी। पिता बार-बार अपने घर पर अन्य बेटियों को कलेजे से लगाकर फफक कर रो रहा था।