मोहल्ला छपट्टी में दो पक्षों में हुई पत्थरबाजी के बाद घर में पड़े पत्थर।
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। मोहल्ला छपट्टी में गुरुवार रात दो समुदाय के लोगों के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद जमकर ईंट पत्थर चले। एक पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से एक घायल को सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज करने के साथ ही एक आरोपी को पकड़ लिया। शुक्रवार सुबह हिंदूवादी संगठन के कुछ लोग भी रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छपट्टी में गुरुवार रात करवाचौथ को लेकर चहल पहल थी। इस बीच एक समुदाय के कुछ युवक पटाखे चलाने लगे। इसका विरोध करने पर दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। पहले जमकर मारपीट हुई, उसके बाद दोनों के बीच काफी देर तक ईंट-पत्थर चले।
एक पक्ष के अकरम, सोहेल, हाफिज और वारसी घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोट लगी हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से अकरम को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया गया। कोतवाली पुलिस ने अकरम पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।
वहीं एक युवक अमोल को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को हिंदूवादी संगठन के कुछ लोग थाने पहुंचे और मामले में मुस्लिम पक्ष के लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। इंस्पेक्टर कोतवाली ओमहरि वाजपेयी का कहना है कि मारपीट की घटना हुई है। मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पहले कार्रवाई बाद में समझौता की बात
शुक्रवार सुबह कोतवाली पहुंचे कुछ हिंदूवादी नेता पहले तो कार्रवाई की मांग करते हुए इंस्पेक्टर पर मामला दर्ज करने का दबाव बनाते रहे। घर में घुसकर मारपीट व तोडफ़ोड़ का आरोप लगाया और मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की। पुलिस की सख्ती के आगे सभी के तेवर ठंडे पड़ गए। तथकाथित नेता ही खुद कोतवाली पहुंचे और मामले में समझौता कराने की बात कहने लगे।