घिरोर। थाना क्षेत्र के गांव नगला मांझ में पशु चोरों ने टोके जाने पर युवक को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण जाग गए। इस पर पशु चोर भाग खड़े हुए। घायल युवक को जिला अस्पताल से सैफई रेफर किया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला मांझ निवासी धर्मेंद्र सिंह गुरुवार की रात घर के बाहर बरामदे में चारपाई पर सो रहा था। रात करीब 12:30 बजे पशु चोरों ने घर के बाहर बंधी भैंस खोल ली और पिकअप में लादने लगे। आहट सुनकर धर्मेंद्र की नींद खुल गई और उसने बाहर जाकर देखा। भैंस ले जा रहे पशु चोरों को देखकर जब उसने टोका तो एक बदमाश ने उस पर गोली चला दी। गोली युवक के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
उधर ग्रामीण भी जागने के बाद घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख पशु चोर गाड़ी लेकर भाग गए। सूचना पर सीओ दद्दन प्रसाद गौड़, पुलिस बल के साथ पहुंच गए। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उसे सैफई रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक उक्त मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
पहले भी हुईं हैं वारदात
औंछा में पशु चोरी करने आए लोगों ने एक वृद्धा को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। पिछले वर्ष कुरावली क्षेत्र में ग्रामीणों व पशु चोरों में करीब एक घंटा तक जमकर फायरिंग हुई थी। इसके अलावा बिछवां, भोगांव, शहर कोतवाली, किशनी आदि थाना क्षेत्र में पशु चोरी व चोरों द्वारा हमले की घटनाएं हो चुकीं हैं।
-घिरोर के गांव भैंसामई में गुरुवार रात पशु चोर राजकुमार की दो भैंस चोरी कर ले गए। राजकुमार ने बताया कि वह घर के बाहर सो रहे थे, तभी मैक्स गाड़ी से आए पशु चोर भैंस लाद ले गए। इस बीच उनकी आंख खुल गई, लेकिन तब तक चोर मवेशी लेकर जा चुके थे। दोनों भैंस की कीमत एक लाख बताई गई है।
घायल को सैफई उपचार के लिए ले जाया गया है। तहरीर मिलते ही मामला दर्ज कर लिया जाएगा। पशु चोरों का पता लगाकर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- देवेंद्र नाथ मिश्र, प्रभारी निरीक्षक