जैथरा/एटा। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक और विवाहिता ने अपनी जान गवां दी। पांच लाख रुपये और एक कार की मांग पूरी नहीं हुई तो विवाहिता को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और बाद में एक निजी अस्पताल में छोड़कर पति फरार हो गया। मायके वालों ने सैफई ले जाकर इलाज कराया लेकिन आखिर में विवाहिता ने दम तोड़ दिया।
थाना जैथरा के गांव प्रहलादपुर निवासी सोनू पुत्र अहलकार की शादी मौनी पुत्र विनोद कुमार निवासी कनौड़ी खेराबाद थाना अलीगंज के साथ हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही दहेल लोभी सोनू व अन्य ससुरालीजन मौनी पर अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये और एक कार लाने का दवाब बनाने लगे। इस मांग को पूरा कराने के लिए मौनी ने अपने मायके वालों को बताया तो उनके पैरो तले जमीन खिसक गई। इतनी बड़ी रकम और कार की व्यवस्था कर पाना बहुत ही मुश्किल था। ऐसे में मौनी के ससुराल वालों को समझाने के प्रयास भी किए, लेकिन सोनू व अन्य ससुरालियों पर कोई असर नहीं पड़ा।
इसके साथ ही सोनू की प्रताड़नाएं मौनी के ऊपर हावी होती चली गई। 31 जुलाई को मौनी को पीट-पीटकर सोनू ने अधमरा कर दिया और खुद भाग गया। ससुरालीजनों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया, इसकी खबर मिलते ही मायके वाले आ गए। इनको देखकर ससुराल वाले भी भाग खड़े हुए। इधर मौनी की हालत चिंताजनक होती चली गई तो मायके वाले सैफई इलाज के लिए ले गए। इलाज के दौरान 13 अगस्त को मौनी ने ने दम तोड़ दिया। इस घटना की रिपोर्ट मृतका की मां अनीता देवी पत्नी विनोद कुमार की ओर से सोनू सहित पांच लोगों के खिलाफ थाना जैथरा में दर्ज कराई गई। सीओ अलीगंज अजय भदौरिया का कहना है कि मामले की जांच मिली है, जांच के बाद ही असलियत का पता चल सकेगा।
----------