कुरावली (मैनपुरी)। बसंत हत्याकांड से गुस्साए मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों ने शुक्रवार दोपहर थाने के सामने शव की एंबुलेंस को खड़ा करके जीटी रोड पर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोग हत्याकांड में नामजद महिला आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की मांग कर रहे थे। करीब आधा घंटे बाद जाम प्रभारी निरीक्षक के समझाने के बाद खुल सका।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला कुंवरपुर निवासी सराफा व्यापारी बसंत कुमार बृहस्पतिवार की दोपहर सब्जी मंडी की ओर जा रहे थे। तभी भांजों ने ईंट से कुचलकर हत्या कर दी थी। मृतक की बहन उमा, बहनोई राजेश व तीन भांजे शिवम, जितेंद्र और धर्मेंद्र के खिलाफ हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
शुक्रवार की दोपहर परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव को एंबुलेंस से लेकर कुरावली पहुंचे। एंबुलेंस को थाने के सामने जीटी रोड पर खड़ा करके दोपहर करीब दो बजे परिजनों ने जाम लगा दिया। परिजन महिला आरोपी उमा की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
जाम खुलवाने के दौरान पुलिस ने जब सख्ती करनी चाही तो जाम लगाए लोगों से नोकझोंक भी हुई। प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार चौहान ने मृतक के परिजनों को आश्वासन दिया कि जल्द ही महिला आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होगी। कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद जाम खुल सका।
एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार
जाम खुलने के बाद परिजन और स्थानीय लोग शव को लेकर कुंवरपुर पहुंचे। वहां से शव को श्मशान घाट ले जाया गया। इस दौरान एसडीएम कुरावली अनूप कुमार, सीओ डीपी गौड़ व पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों की मौजूदगी के बीच अंतिम संस्कार कराया गया।