अजीतगंज (मैनपुरी)। पुलिस द्वारा बेटे को पकड़े जाने की सूचना मिलने के बाद खेत से बदहवास हालत में भागती हुई घर आ रही महिला की हालत बिगड़ गई। आनन फानन परिजन महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों ने मौत की संभावना हार्टअटैक से होना जताई है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर हविलिया निवासी सुनील कुमार और अजय पाल के बीच बृहस्पतिवार की सुबह बच्चों के विवाद को लेकर झगड़ा हो गया था। अजय पाल की ओर से थाने में शिकायत की गई। दोपहर करीब दो बजे थाना पुलिस गांव पहुंची और सुनील के भाई छोटे को पकड़कर थाने ले गई।
परिजनों के अनुसार कुछ देर बाद जब बेटे के पकड़े जाने की सूचना 50 वर्षीय मां शशि देवी को हुई तो वह खेतों से घर की ओर भाग खड़ी हुईं। रास्ते में ठोकर लगने के बाद वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गईं। मौके पर पहुंचे परिजन महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कार्रवाई के डेढ़ से दो घंटा बाद महिला की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
जेडी सिंह, प्रभारी निरीक्षक