करहल रोड पर युवती से लूट के बाद कोतवाली में पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। बाइक सवार लुटेरों ने शनिवार की शाम करहल चौराहा के पास महिला के गले से सोने की जंजीर लूट ली। महिला चौराहे से पैदल घर के लिए जा रही थी। जानकारी होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। वहीं आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छपट्टी निवासी गुंजन राठौर शनिवार को भाभी सुलेखा राठौर के साथ करहल रोड पर रिश्तेदार के घर गईं थीं। शाम करीब तीन बजे जब दोनों पैदल घर आ रहे थे, तभी चंद्रा गैस एजेंसी के पास मंदिर वाली गली में पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर गुंजन के गले में पड़ी सोने की चेन लूट ली। युवती ने शोर मचाते हुए काफी दूर तक दौड़ लगाते हुए लुटेरों का पीछा भी किया, लेकिन वह उन्हें पकड़ नहीं सकी।
महिला को रोता बिलखता देख घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची पीड़िता ने साथ हुई घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं गैस एजेंसी पर लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया।
महिला चीखती रही, नहीं आया कोई मदद करने शनिवार की शाम बाइक सवारों ने चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया। महिला चीखती रही, लेकिन कोई मदद को आगे नहीं आया।
शिकायत पर पुलिस ध्यान देती तो शायद न होती लूट
मैनपुरी। इससे पहले करहल रोड पर शुक्रवार की शाम करीब आठ बजे बैक ऑफ इंडिया में क्लर्क नैनीताल निवासी श्रीनम गुप्ता के साथ मोबाइल लूट की वारदात हुई थी। पीड़िता जब कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची तो वहां तहरीर बदलवा दी गई। लूट की जगह सिर्फ मोबाइल गिरने की सूचना भर दर्ज की गई। अगर कोतवाली पुलिस इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए चौकसी बरतती तो शायद शनिवार को लूट की वारदात न होती।