गांव कुनावली में दबंगों ने खेत में होकर मांगा रास्ता हंगामा के दौरान मौजूद भीड़- अमर उजाला
- फोटो : ETAH
एटा। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव कुनावली में दबंगों ने खेत में रास्ता ने देने पर गुस्सा कर घर में घुसकर दंपती को पीटा। दबंगों ने गर्भवती महिला के पेट में लात मार दी। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। महिला के पति ने थाने में तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
कुनावली निवासी सपना पत्नी रवी कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव में उसका एक खेत हैं। गांव के कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोग उसके परिवार को खेती नहीं करने देते हैं। उनका खेत भी पड़ोस में होने के चलते वह उसके खेत से पानी निकालना चाहते हैं। इसके लिए वह लगातार रास्ता देने का दबाव बना रहे है।
शुक्रवार शाम को भी इसी को लेकर पति रवि से कहासुनी हुई थी, जिसमें पति ने रास्ता देने से मना कर दिया था। इससे गुस्साए दबंग शुक्रवार देर रात शराब के नशे में घर में घुस आए और उसे व उसके पति रवि कुमार के साथ मारपीट करने लगे। उसने बताया कि मारपीट के दौरान उन लोगों ने उसके पेट में लात भी मार दी। वह चार माह की गर्भवती है इसके चलते उसकी हालत बिगड़ गई। दबंग मारपीट व तोड़फोड़ करने के बाद धमकी देकर घर से चले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच करने की बात करते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस संबंध में देहात कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।