भोगांव। थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार डंपर से टकरा कर घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साए साथियों ने डंपर चालक के साथ मारपीट करते हुए डंपर और वहां सड़क पर काम कर रही पोकलेन में तोड़फोड़ कर दी। चालक की ओर से नामजद लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जनपद इटावा के फ्रैंड्स कॉलोनी निवासी सुखवीर सिंह डंपर चालक है। शुक्रवार वह हाईवे पर मिट्टी पलटने के बाद दोबारा भरने के लिए जा रहा था। पीड़ित के अनुसार जब वह थाना क्षेत्र के गांव जगतपुर मोड़ पर पहुंचा तो उसने ब्रेक लगाई। ब्रेक लगते ही डंपर रुक गया और पीछे से आ रहा बाइक सवार उससे टकरा गया। बाइक चालक गांव दलपतपुर निवासी रोहित कुमार उर्फ रामू घायल हो गया। घटना के बाद घबराया चालक वहां से भाग गया। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
आरोप है कि दोपहर करीब दो बजे चालक सुखवीर जब गाड़ी पर पहुंचा तो गांव दलपतपुर निवासी सीटू, ग्रीश, अनूप, भूरे, विपिन, शिवम, विमलेश, सत्यदेव, विशुनदयाल, जोगेंद्र, नीलम बाबू, अनोज, ईसू, उमेश, बबलू, लटूरी, जनवेद, अजय व अन्य ग्रामीणों ने चालक के साथ मारपीट कर दी। अराजकतत्वों ने डंपर के साथ ही पास में ही काम कर रही पोकलेन में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने चालक के साथ मारपीट करने वालों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं घायल का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
घायल को अस्पताल भर्ती कराया गया है। अराजकतत्वों के विरुद्ध चालक की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
प्रयांक जैन, सीओ भोगांव