कासगंज में टीम इंडिया की जीत पर आतिशबाजी चलाकर जश्न मनाते क्रिकेट प्रेमी।
कासगंज। चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया की खिताबी जीत से जिले के क्रिकेट प्रेमी गद्गद हैं। उन्होंने रविवार देर रात सड़कों पर निकल जमकर जश्न मनाया। प्रशंसकों की खुशी का आलम यह था कि उन्होंने खूब पटाखे छुटाए और रंग-बिरंगी आतिशबाजी कर मानों आसमान को रोशन कर दिवाली का सा नजारा कायम कर दिया। तिरंगा लेकर निकले उत्साही खेल प्रेमी भारत माता के जयकारे भी लगा रहे थे। शहर की सूत की मंडी में क्रिकेट प्रेमियों ने गुलाल से होली खेलकर टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया।
वहीं, सोमवार को दिन भर घर से लेकर बाजार और दफ्तरों तक बस भारत की विजय और कप्तान रोहित की शानदार बल्लेबाजी की ही चर्चा होती रही। बच्चे, महिलाएं, बड़े-बुजुर्ग ही नहीं युवाओं की टोलियाें भी चर्चा की मुख्य विषय चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार जीत ही रही। गंजडुंडवारा में क्रिकेट प्रेमियों ने जगह-जगह आतिशबाजी चलाई चलकर जीत की खुशी व्यक्त की।