भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले के लिए आगरा में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। शहर के कई चौराहों, बाजारों और कॉलोनियों में बड़ी स्क्रीन लगाकर सामूहिक रूप से मैच देखने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं भारत की जीत की कामना के लिए आरती, प्रार्थना, तिरंगा यात्रा, आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं। क्रिकेट प्रेमी पूरे जोश के साथ भारतीय टीम की जीत के लिए दुआ और जश्न की तैयारी में जुटे हुए हैं।
अजीत नगर बाजार कमेटी के सदस्य भारत की जीत के लिए काफी उत्साहित हैं। सेल्फी पॉइंट पर हजारों लोगों की मौजूदगी में बड़ी स्क्रीन लगाकर फाइनल मैच देखने की तैयारी की गई है। यहां से तिरंगा चौक तक भारत माता की जय के नारे लगाते हुए क्षेत्र में भ्रमण भी किया जाएगा। भारतीय टीम की जीत पर मिष्ठान वितरण और आतिशबाजी कर जश्न मनाया जाएगा। मनोज नौतनानी ने बताया कि भारत फाइनल में पहुंच चुका है और जीत से केवल एक कदम दूर है। हमें गर्व है कि हम भारतीय हैं। इस मौके पर अजय नौतनानी, राजेश यादव, संजय नौतनानी, कुलविंद्र सिंह, दिनेश अरोड़ा, सुरेंद्र कुशवाह, आशीष यादव, मन्नू अरोड़ा, जितेंद्र शुक्ला, तनू बघेल सहित बाजार कमेटी के सदस्यों ने भारत माता के जयकारे भी लगाए।
अटल चौक कैंट पर भी होगा जश्न
आगरा कैंट स्थित अटल चौक पर भी फाइनल मैच को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। राकेश कनौजिया, डीपी राठौर, रामकुमार, विजय गौड़, गोविंद चाहर, अविनाश बघेल, विभांशु कोहली, विमल वर्मा, दिलीप कनौजिया, दुर्गेश उपाध्याय, अरुण गुप्ता आदि ने बताया कि मैच देखने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह है। जीत पर जश्न होगा।
नंदी चौक बल्केश्वर में आरती और प्रार्थना
बल्केश्वर कॉलोनी के नंदी चौक पर भारत की जीत के लिए आरती और प्रार्थना की जाएगी। यहां एलईडी और टीवी के माध्यम से सामूहिक रूप से फाइनल मैच देखने की व्यवस्था की गई है। भारतीय टीम की जीत पर तिरंगा फहराकर आतिशबाजी की जाएगी। वहीं, सत्यमेव संगठन के अध्यक्ष नदी महाजन ने बताया कि कार्यक्रम में संजय खन्ना, आंसू खत्री, सोनी महाजन और महेश सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
चौथी बार फाइनल में पहुंचकर भारत ने रचा इतिहास
आंबेडकर विश्वविद्यालय के पूर्व क्रिकेट कप्तान डॉ. पराग गौतम ने कहा कि भारतीय टीम ने चौथी बार टी-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचा है। इससे पहले कोई भी टीम चार बार फाइनल में नहीं पहुंची है। बताया कि वह फाइनल मैच अपने परिवार और मित्रों के साथ आगरा क्लब या अपनी सोसाइटी में मथुरेश खंडेलवाल, संजीव शर्मा और निखिल कपूर के परिवारों के साथ देखेंगे। सिटीजन क्रिकेट क्लब में भी खास तैयारियां की गई हैं। क्लब के सचिव मुईन बाबूजी ने बताया कि फाइनल मुकाबले को सभी सदस्य सामूहिक रूप से एक स्थान पर बैठकर देखेंगे। इसके लिए क्लब की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। मुईन बाबूजी ने उम्मीद जताई कि रमजान के पाक महीने में भारत की जीत जरूर होगी। कहा यदि भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप जीतकर अपना तीसरा खिताब हासिल करती है, तो यह देशवासियों के लिए ईद का तोहफा होगा।
बाबा श्याम से जीत की प्रार्थना
न्यू आगरा निवासी आलिया, वर्षा, शाह्नवी जोटवानी ने बताया कि भारतीय टीम की जीत के लिए बाबा श्याम से प्रार्थना की है। कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि भारतीय टीम ट्रॉफी जीतकर पूरे विश्व में देश का नाम रोशन करेगी।
">http://