सिरफिरे आशिक ने 11वीं की छात्रा को बात करने के लिए मोबाइल खरीदकर दिया। छात्रा ने मोबाइल लेने से मना कर दिया। इसी बात पर उसे इस कदर गुस्सा आया कि छात्रा को बुरी तरह से पीट दिया। पीड़िता ने घरवालों को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
एटा के थाना अवागढ़ क्षेत्र में अपराधियों के हौंसले बढ़ते जा रहे हैं। एक सिरफिरे आशिक ने विद्यालय से लौट रही छात्रा को इसलिए पीट दिया कि उसने आरोपी की ओर से दिया गया मोबाइल वापस कर दिया।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा 11वीं में पढ़ती है।
छात्रा की ओर से गांव के ही वीरपाल पर पीटकर घायल करने की रिपोर्ट लिखाई है। भाई ने बताया कि बहन 11वीं की छात्रा है। वीरपाल करीब छह महीने से लगातार परेशान करता आ रहा है। छह महीने पहले भी छेड़छाड़ की गई थी, लेकिन बहन के भविष्य को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की और समझौता हो गया था। आरोप लगाया कि 16 जनवरी की दोपहर करीब तीन बजे बहन विद्यालय से घर लौट रही थी तभी रास्ता में रोक कर लात घूसों से पिटाई की, इसकी वजह से चोटें आई हैं।
छात्रा का कहना है कि 14 जनवरी को वीरपाल ने गांव के ही बच्चे से घर पर कीपैड मोबाइल बात करने के लिए भेजा था। मैंने मोबाइल के बारे में बताकर भाई को दे दिया था, उसने लौटा दिया। इसी बात को लेकर मेरी पिटाई की गई। भाई ने बताया कि वीरपाल शादीशुदा है, फिर भी परेशान करता आ रहा है। थाना प्रभारी जयेंद्र प्रसाद मौर्य ने बताया कि छात्रा के साथ वारदात हुई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मामले की जांच कराई जा रही है।